उत्तर प्रदेश

लखीमपुर खीरी में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक-मैजिक भिड़ंत में 10 की मौत

NH-730 पर मौत का तांडव, भीषण हादसे में 10 लोगों की गई जान

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के ईसानगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एनएच-730 पर ऊंच गांव और भरेहटा के बीच यात्रियों से भरी एक मैजिक वाहन और तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मैजिक वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस दर्दनाक हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 7 बजे लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रही मैजिक वाहन जैसे ही भरेहटा गांव के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने 8 पुरुष और 2 महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक मृतकों में अधिकांश लोग बहराइच और लखीमपुर खीरी जिले के रहने वाले हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतकों में जयवीर सिंह, पवन कुमार, सोहन, अदनान, राजेश गोयल, सहजराम, पप्पू, गायत्री वैश्य और जुलेखा की पहचान हो चुकी है, जबकि एक अन्य मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल और मोर्चरी हाउस का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। हादसे के बाद एनएच-730 पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद खुलवाया।
मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने इस भीषण सड़क हादसे का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के समुचित इलाज और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के आदेश भी दिए गए हैं।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह मानी जा रही है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button
Home
Search
YouTube
Facebook
error: © NA News.inContent is protected. Copying is not allowed.
▶ f ◎